भाजपा नेता हत्याकांड: मानपुर में NIA की बड़ी कार्रवाई, कई गिरफ्तारियां, NIA की टीम ने 6 ठिकानों पर मारा छापा, सरकारी कर्मचारी भी हिरासत में

 


मोहला ।
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने सोमवार सुबह मानपुर में बड़ी कार्रवाई करते हुए कई स्थानों पर छापेमारी की। सुरक्षा बलों के साथ पहुंची टीम ने औंधी थाना क्षेत्र के चार इलाकों सहित कुल छह स्थानों पर दबिश दी। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई भाजपा नेता बिरझू तारम की हत्या के मामले में की गई, जिसमें कई गिरफ्तारियां भी हुई हैं।

NIA की कार्रवाई से मचा हड़कंप

सोमवार सुबह NIA की टीम आईटीबीपी और जिला पुलिस बल के साथ मानपुर पहुंची और दो स्थानों पर छापा मारा। इसके अलावा औंधी थाना क्षेत्र के चार अन्य स्थानों पर भी तलाशी अभियान चलाया गया। अचानक हुई इस कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

एसपी ने दी जानकारी

इस मामले को लेकर एसपी यशपाल सिंह ने बताया कि विधानसभा चुनाव से पहले औंधी थाना क्षेत्र के सरखेड़ा गांव में भाजपा नेता बिरझू तारम की नक्सलियों ने हत्या कर दी थी। इस हत्याकांड की जांच NIA कर रही है, जिसके चलते एजेंसी की टीम जिले में पहुंची और छापेमारी करते हुए कई लोगों को हिरासत में लिया गया है।

हत्याकांड में शामिल लोगों पर शिकंजा

सूत्रों के मुताबिक, भाजपा नेता बिरझू तारम की हत्या की साजिश में शामिल लोगों की लंबे समय से तलाश की जा रही थी। अब जांच में जुटी टीम ने उन पर शिकंजा कसते हुए गिरफ्तारियां शुरू कर दी हैं। बताया जा रहा है कि NIA ने इस मामले में छह स्थानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर हत्याकांड से जुड़े लोगों को गिरफ्तार करने के संकेत दिए हैं।

सरकारी कर्मचारी भी हिरासत में

गुप्त सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, भाजपा नेता बिरझू तारम की हत्या में शामिल कुछ शासकीय कर्मचारियों को भी हिरासत में लिया गया है। इनमें से कुछ नक्सलियों के करीबी बताए जा रहे हैं, जो लंबे समय से नक्सली संगठनों की सहायता कर रहे थे। वहीं, जेल में बंद नक्सली नेता सुरजू टेकाम के करीबी लोगों की भी गिरफ्तारी की गई है।

NIA की इस कार्रवाई से पूरे क्षेत्र में हलचल मची हुई है और आगे भी कई बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post