खरसिया को मिली बड़ी सौगात : मुख्यमंत्री साय ने किया 66.84 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन, अटल प्रतिमा का अनावरण

रायगढ़/खरसिया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शनिवार को खरसिया में 66.84 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले रेलवे ओवरब्रिज सहित कई विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इस मौके पर उन्होंने करीब 20 करोड़ रुपये से अधिक के नए विकास कार्यों की घोषणा भी की। इनमें खरसिया के कबीर चौक से डभरा रोड तक बाईपास सड़क निर्माण के लिए 10 करोड़, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स व स्विमिंग पूल की मरम्मत हेतु 2 करोड़ और नगर पालिका क्षेत्र में अन्य विकास कार्यों के लिए 8 करोड़ रुपये शामिल हैं।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री साय ने भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण और अटल परिसर का लोकार्पण भी किया। साथ ही उन्होंने खरसिया में रेलवे अंडरब्रिज निर्माण के लिए तकनीकी सर्वे कराने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि रायगढ़ से उनका दो दशक पुराना आत्मीय संबंध रहा है। उन्होंने बताया कि नगरीय निकाय चुनावों में जीत "अटल विश्वास पत्र" के भरोसे मिली है और उसमें दर्ज घोषणाओं को क्रमवार पूरा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नगरीय क्षेत्रों में सात से आठ हजार करोड़ रुपये के कार्य स्वीकृत किए गए हैं और मोदी सरकार की अधिकांश गारंटियां पूरी हो चुकी हैं।

उन्होंने महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, किसानों को धान खरीदी में 3100 रुपये प्रति क्विंटल का लाभ, तेंदूपत्ता संग्राहकों को बढ़ा हुआ समर्थन मूल्य, भूमिहीन मजदूरों को सालाना सहायता और पंचायत स्तर पर अटल डिजिटल सेवा केंद्रों जैसी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने घोषणा की कि रजत जयंती वर्ष में 4000 पंचायतों में नए अटल डिजिटल सेवा केंद्र खोले जाएंगे।

पीएससी घोटाले की जांच पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन ही उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि खरसिया ओवरब्रिज का विचार उन्होंने सांसद रहते हुए रखा था और अब औपचारिकताओं के बाद इसका निर्माण शुरू हो रहा है। दो से तीन वर्षों में इसका काम पूरा कर लिया जाएगा।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि सरकार प्रदेश में विकास को निरंतर आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। 64.94 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह ओवरब्रिज खरसिया के लिए अत्यंत आवश्यक था। इसके बनने से रेल क्रॉसिंग पर रुकावट की समस्या दूर होगी और लोगों का समय बचेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post