गजमार पहाड़ी बनेगा इको पार्क: वित्त मंत्री  ओ.पी.चौधरी ने किए 8 करोड़ के विकास कार्यों का भूमि पूजन

रायगढ़ । वित्त मंत्री श्री ओ.पी.चौधरी की पहल पर रायगढ़ जिला मुख्यालय स्थित ऐतिहासिक और आस्था का केंद्र गजमार पहाड़ी स्थित हनुमान धाम अब आधुनिक स्वरूप में इको पार्क और इको टूरिज्म स्थल के रूप में विकसित होगा। वित्त मंत्री श्री ओ.पी.चौधरी ने आज 08 करोड़ रुपए की लागत से होने वाले विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का भूमि पूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने पूजा-अर्चना कर पवनसुत हनुमान जी से प्रदेशवासियों की खुशहाली और समृद्धि की कामना की। इस प्रोजेक्ट के तहत गजमार पहाड़ी पर योग प्लेटफॉर्म, वॉच टॉवर, पाँच पगोड़ा, बच्चों के लिए खेल परिसर, कैंटीन और इको पार्क जैसी सुविधाएँ विकसित की जाएंगी। 

वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि यह कार्य केवल धार्मिक स्थल का जीर्णोद्धार ही नहीं बल्कि रायगढ़ के सांस्कृतिक, सामाजिक और पर्यटन विकास की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि गजमार पहाड़ी रायगढ़ की शान है। यह स्थल शहर के बीच इतनी ऊँचाई और प्राकृतिक सौंदर्य के साथ बहुत कम जगहों पर देखने को मिलता है। इसके विकास से रायगढ़ पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान बनाएगा।

वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि हमारा लगातार प्रयास है कि आपके जीवन में शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, रोजगार और पर्यटन की सुविधाओं से सकारात्मक परिवर्तन ला सकें। उन्होंने बताया कि रायगढ़ जिले में युवा बहनों के लिए नवगुरुकुल योजना शुरू की है। इसमें प्रवेश लेकर छात्र दो वर्ष का प्रशिक्षण प्राप्त कर स्किल डेवलप कर सकते हैं। जिससे उन्हें अच्छा रोजगार मिले। उन्होंने युवाओं से इस योजना का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की।

Post a Comment

Previous Post Next Post