रायगढ़, 25 सितंबर । रायगढ़ पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग कुमार पटेल के दिशा निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आकाश मरकाम और साइबर सेल डीएसपी श्री अनिल विश्वकर्मा के मार्गदर्शन पर जिले में साइबर अपराधों से लोगों को बचाने के लिए लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस मुहिम में आम नागरिकों के साथ जनप्रतिनिधि और शैक्षणिक संस्थान भी सक्रिय रूप से जुड़ रहे हैं।
दिनांक 24 सितंबर को साइबर सेल की टीम ने नगर निगम रायगढ़ के वार्ड क्रमांक 6 की पार्षद श्रीमती रेखा देवी, वार्ड 11 के पार्षद अन्नू सारथी और वार्ड 9 के पार्षद श्री अमित शर्मा के साथ वार्ड स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों को ऑनलाइन फ्रॉड से बचने के उपाय बताते हुए विशेष रूप से KYC अपडेट के नाम पर ठगी, OLX और सोशल मीडिया मार्केटप्लेस पर नकली खरीद-फरोख्त, लोन ऐप्स के जरिए ब्लैकमेलिंग, बैंक अधिकारी बनकर ओटीपी और पिन पूछकर ठगी,
नौकरी और इनाम के लालच में ठगी, तथा इंस्टाग्राम-फेसबुक पर लिंक भेजकर अकाउंट हैकिंग जैसे साइबर अपराधों के बारे में जानकारी दी। वहीं वार्ड पार्षदों ने भी अपने स्तर से लोगों को साइबर सुरक्षा अपनाने, अज्ञात लिंक पर क्लिक न करने और संदिग्ध कॉल या मैसेज पर ध्यान न देने की सलाह दी। कार्यक्रम में पम्पलेट भी वितरित किए गए।
Post a Comment