बच्चों एवं वृद्धजनों से आत्मीय मुलाकात कर बांटा स्नेह
सखी सेंटर में महिलाओं की सुरक्षा व त्वरित सहायता पर दिया जोर
नशामुक्ति केंद्र में पहुंच नशा पीड़ितों को नशा नहीं करने बढ़ाया मनोबल
बलरामपुर, 14 सितंबर 2025/ महिला एवं बाल विकास विभाग तथा समाज कल्याण विभाग मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने अपने बलरामपुर-रामानुजगंज प्रवास के दौरान विभिन्न संस्थानों का निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने जिला मुख्यालय में संचालित बाल गृह, वृद्धाश्रम, सखी सेंटर एवं नशामुक्ति केन्द्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का बारिकी से अवलोकन किया।
मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने बालगृह पहुंचकर बच्चों से बात कर उनका हाल जाना। उन्होंने बच्चों से पढ़ाई, खेलों के बारे में पुछा, जिसका बच्चों ने उत्साहपूर्वक उत्तर दिया।
बच्चों ने मंत्री के समक्ष सूर्य नमस्कार कर के भी दिखाया। श्रीमती राजवाड़े ने बच्चों से कहा कि शासन-प्रशासन मिलकर आपके सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य के लिए कार्य कर रही है। आप सभी बच्चे मन लगाकर पढ़ाई करें, खेलकूद में भाग ले और अपने सपनों को पूरा करने के लिए मेहनत कर सफलता की ओर बढ़े। उन्होंने बच्चों के शयन कक्ष, रसोई घर का अवलोकन भी किया। मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने संस्था संबंधितों से बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, समग्र देख-रेख की जानकारी ली। उन्होंने संस्था को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
मंत्री श्रीमती राजवाड़े मुख्यालय स्थित वृद्धाश्रम पहुंची। जहां उन्होंने आश्रित बुजुर्गों से आत्मीयता से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने वृद्धजनों से बात कर कुछ वक्त उनके साथ साझा किया। मंत्री ने वृद्धा आश्रम में रह रहे वृद्धजनों के लिए किए जाने वाली व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने वृद्धा आश्रम परिसर के साथ ही सभी कक्षों का मुआयना किया।
Post a Comment