
रायगढ़। परीक्षा देकर बाइक से घर लौट रहे 12वीं के एक छात्र की अज्ञात ट्रेलर की ठोकर से मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया, जिससे देर रात तक यातायात बाधित रहा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परीक्षा से लौटते समय हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम लाखा निवासी नेम सिंह ठाकुर (18 वर्ष), पिता टीकाराम ठाकुर, गेरवानी हायर सेकेंडरी स्कूल में कक्षा 12वीं का छात्र था। उसका परीक्षा केंद्र तराईमाल स्कूल में था, जहां वह रोज बाइक से परीक्षा देने आता-जाता था।
शुक्रवार सुबह करीब 8:30 बजे वह परीक्षा देने घर से निकला था। परीक्षा समाप्त होने के बाद दोपहर करीब 12 बजे वह बाइक से वापस लौट रहा था। इसी दौरान तराईमाल और लाखा के बीच मुख्य मार्ग पर इरशाद ढाबा के पास एक अज्ञात ट्रेलर चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उसे जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में नेम सिंह के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर ही अचेत हो गया। दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन सहित फरार हो गया।
अस्पताल में मृत घोषित
राहगीरों की सूचना पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायल छात्र को मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां दोपहर करीब 2 बजे डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच में ही उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से भेजी गई तहरीर पर चक्रधरनगर पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
ग्रामीणों का प्रदर्शन, भारी वाहनों पर प्रतिबंध की मांग
शाम को जब परिजन पोस्टमार्टम के बाद शव लेकर गेरवानी पहुंचे, तो ग्रामीणों ने घटना स्थल पर शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि परीक्षा अवधि में भारी वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध लगाया जाए, दुर्घटना के आरोपी चालक को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए तथा मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाए।
चक्काजाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और देर रात तक यातायात प्रभावित रहा।
गांव में शोक की लहर
बताया जा रहा है कि ग्राम लाखा के अधिकांश छात्र गेरवानी में पढ़ते हैं और उनका परीक्षा केंद्र तराईमाल में ही है। ऐसे में इस हादसे के बाद अन्य पालकों में भी भय का माहौल है। एक होनहार छात्र की असमय मौत से गांव में गहरा शोक व्याप्त है।
Post a Comment