छत्तीसगढ़ के 72 हजार से अधिक किसानों को 349.59 करोड़ की आदान सहायता राशि

 

रायगढ़। होली से पहले जिले के किसानों को बड़ी आर्थिक राहत मिलने जा रही है। विष्णुदेव साय 28 फरवरी को राज्य स्तरीय कार्यक्रम के माध्यम से कृषक उन्नति योजना अंतर्गत आदान सहायता राशि किसानों के खातों में अंतरित करेंगे।

रायगढ़ जिले के 72 हजार 693 किसानों को कुल 349.59 करोड़ रुपये की राशि सीधे उनके बैंक खातों में प्राप्त होगी। जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन नगर निगम ऑडिटोरियम, पंजरी प्लांट, रायगढ़ में दोपहर 12 बजे से किया जाएगा। इसके साथ ही जिले के सभी विकासखंड मुख्यालयों में भी कार्यक्रम आयोजित होंगे।

वर्चुअल संवाद करेंगे मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री कार्यक्रम के दौरान किसानों से वर्चुअल संवाद भी करेंगे। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने आयोजन की तैयारियों को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि किसान कल्याण से जुड़े इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम का सुव्यवस्थित और सफल संचालन सुनिश्चित किया जाए। जिला और विकासखंड स्तर पर नोडल अधिकारियों की नियुक्ति कर व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।

विकासखंडवार लाभान्वित किसान

योजना के अंतर्गत जिले के विभिन्न विकासखंडों के किसानों को लाभ मिलेगा।

  • खरसिया – 13,191 किसान
  • घरघोड़ा – 4,613 किसान
  • तमनार – 6,190 किसान
  • धरमजयगढ़ – 13,802 किसान
  • पुसौर – 16,115 किसान
  • रायगढ़ – 10,378 किसान
  • लैलूंगा – 8,404 किसान

प्रति क्विंटल आदान सहायता

कृषक उन्नति योजना के तहत मोटा धान पर 731 रुपये प्रति क्विंटल तथा पतला धान पर 711 रुपये प्रति क्विंटल की आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी। यह राशि किसानों को खाद, बीज एवं अन्य कृषि आदानों की व्यवस्था में सहायक सिद्ध होगी।

होली के त्योहारी माहौल में मिलने वाली यह आर्थिक सहायता किसानों की तत्काल जरूरतों को पूरा करने के साथ ही आगामी खरीफ सीजन की तैयारी को मजबूती देगी और कृषि गतिविधियों में नई ऊर्जा का संचार करेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post