
गांव में दिनदहाड़े युवती से छेड़छाड़ की घटना से मचा हड़कंप, नहाते समय घर में घुसा आरोपी
रायगढ़, 6 मार्च 2026। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में युवती से छेड़छाड़ और मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। महिला थाना रायगढ़ पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। घटना के बाद क्षेत्र में काफी आक्रोश का माहौल देखने को मिला।
नहानी घर में घुसकर युवती को नहाते हुए देखने लगा आरोपी, विरोध करने पर किया हमला
पीड़िता ने महिला थाना में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 4 मार्च की दोपहर गांव का निवासी बृजेश मंहत (लगभग 26 वर्ष) नहानी घर में घुस गया और उसे नहाते हुए देखने लगा। इसके बाद उसने युवती के साथ छेड़छाड़ की। जब युवती ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसे हाथ और थप्पड़ मारकर मारपीट की।
मां ने किया बीच-बचाव तो उससे भी की धक्का-मुक्की और मारपीट, पिता के आने पर भागा आरोपी
युवती के शोर मचाने पर उसकी मां मौके पर पहुंची और बीच-बचाव करने लगी। इस दौरान आरोपी ने युवती की मां के साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट की। थोड़ी देर बाद पीड़िता के पिता भी वहां पहुंच गए, जिन्हें देखकर आरोपी उन्हें धक्का देकर मौके से फरार हो गया।
महिला थाना प्रभारी कुसुम कैवर्त के नेतृत्व में त्वरित कार्रवाई, आरोपी को दबोचा गया
पीड़िता की शिकायत पर महिला थाना रायगढ़ में अपराध क्रमांक 14/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74, 75(2), 77 और 115(2) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।
नवपदस्थ महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश शुरू की और उसे हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपी को भेजा गया न्यायिक रिमांड पर
पुलिस ने आरोपी बृजेश दास मंहत, पिता सुकरीत दास मंहत, निवासी जूटमिल थाना क्षेत्र रायगढ़ को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
कार्रवाई में पुलिस टीम की अहम भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त, सहायक उप निरीक्षक विल्फ्रेड मसीह, प्रधान आरक्षक संदीप भगत, राजेश उरांव सहित महिला थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश: महिलाओं के खिलाफ अपराध पर होगी कड़ी कार्रवाई
रायगढ़ के एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि जिले में महिलाओं के साथ छेड़छाड़, दुर्व्यवहार और हिंसा जैसी घटनाओं को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में पुलिस त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कदम उठाएगी, ताकि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित किया जा सके।
Post a Comment