अन्नदाताओं की बढ़ी धड़कनें, बुवाई पर मंडराया संकट!

प्रकृति की मार के बाद अब शासन-प्रशासन का प्रहार: नहर न आने से अन्नदाताओं की बढ़ी धड़कनें, बुवाई पर मंडराया संकट!

अरविन्द कुमार पिरौना 
पिरौना (जालौन) एट के ग्रामीण क्षेत्र पिरौना व आसपास के गांवों के किसानों में इस समय भारी रोष व्याप्त है और किसानों का गुस्सा सातवें आसमान पर है। एक तरफ प्रकृति की बेरुखी (बेमौसम आंधी और बारिश) ने पहले ही किसानों की फसलों को तहस-नहस कर दिया था, और ऊपर से मुआवजे के नाम पर अन्नदाताओं के हाथ सिर्फ निराशा लगी। वहीं दूसरी तरफ, अब सिंचाई के लिए नहरों में पानी न आने से किसानों की मुश्किलें और ज्यादा बढ़ गई हैं। हालत यह है कि पलेवा (बुवाई से पहले खेत की सिंचाई) के लिए किसान दर-दर भटकने को मजबूर हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही है।

मुआवजे का एक भी रुपया नहीं मिला, ऊपर से पानी के लाले!
क्षेत्र के किसानों का दर्द छलक उठा है। उनका कहना है कि आंधी और बारिश की भयंकर मार से खेतों में खड़ी फसलें बर्बाद हो गईं, लेकिन शासन-प्रशासन के स्तर पर सहायता के नाम पर उन्हें कोरे आश्वासन के अलावा कुछ नहीं मिला। अब जब रबी फसल की बुवाई का अहम वक्त आ चुका है, तो समय पर नहरों में पानी न छोड़े जाने के कारण खेतों की पलेवा नहीं हो पा रही है। पानी के अभाव में समय पर फसलों की बुवाई पिछड़ रही है, जिससे किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें गहरी होती जा रही हैं। किसानों का साफ कहना है कि "पहले कुदरत ने सब कुछ छीन लिया, और अब व्यवस्था की लापरवाही किसानों की कमर तोड़ रही है।"

इन किसानों ने बयां किया अपना दर्द
गाँव के अन्नदाताओं ने एकजुट होकर प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए अपनी गहरी नाराजगी व्यक्त की है। इस दौरान ओमकार यादव, सुरेन्द्र पाल, आत्माराम चौरसिया, सियाराम प्रजापति, रामबाबू सोनी, दुर्गा प्रजापति, माताप्रसाद रजक, संतोष राठौर, महेंद्र, और घनाराम रजक समेत तमाम किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही नहरों में पानी नहीं छोड़ा गया और किसानों की इस समस्या का त्वरित समाधान नहीं किया गया, तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।

Post a Comment

Previous Post Next Post