धान खरीदी केंद्रों का औचक निरीक्षण: कलेक्टर ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा, पटवारी निलंबित

 अंबिकापुर। कलेक्टर विलास भोसकर ने जिले के विभिन्न धान खरीदी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने बारदाने की उपलब्धता, टोकन वितरण प्रक्रिया और धान के उठाव की स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। निरीक्षण के दौरान किसानों से फीडबैक भी लिया गया, जिसमें उन्होंने धान खरीदी केंद्रों की व्यवस्थाओं पर संतोष जताया।

धान खरीदी केंद्रों का दौरा
कलेक्टर सबसे पहले अंबिकापुर के मेंड्राकला धान खरीदी केंद्र पहुंचे, जहां उन्होंने किसानों से उपलब्ध सुविधाओं और नमी जांच की प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने लखनपुर, जजगा और सलका केंद्रों का भी निरीक्षण किया।

लखनपुर केंद्र में किसान सियम्बर ने बताया कि उन्होंने 46 क्विंटल धान बेचा है और उन्हें किसी प्रकार की समस्या नहीं हुई। इस दौरान कलेक्टर ने हमालों से पारिश्रमिक भुगतान को लेकर चर्चा की और किसानों को माइक्रो एटीएम की सुविधा का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

पटवारी निलंबित, सख्त कार्रवाई के निर्देश
जजगा धान खरीदी उपकेंद्र के निरीक्षण के दौरान ग्राम कवलगिरी के किसान बंधन ने बताया कि धान पंजीयन में रकबा त्रुटि के सुधार के एवज में पटवारी ने एक हजार रुपए की मांग की थी। इस पर कलेक्टर ने सख्त रुख अपनाते हुए एसडीएम उदयपुर बनसिंह नेताम को पटवारी हल्का नंबर-8 चैनपुर के नारायण सिंह को तत्काल निलंबित करने के निर्देश दिए। साथ ही किसान को उसकी राशि लौटाने के आदेश भी जारी किए।

कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि खरीदी केंद्रों में पारदर्शिता बनाए रखें और किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखें।

Post a Comment

Previous Post Next Post