त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव 2025: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भाजपा समर्थित प्रत्याशियों को जिताने की अपील

 

कल प्रदेश के 53 विकासखंडों में डाले जाएंगे वोट, मुख्यमंत्री ने ग्रामीण विकास के वादों के साथ मांगा समर्थन

रायपुर। छत्तीसगढ़ में त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव 2025 के पहले चरण के तहत कल 53 विकासखंडों में मतदान होगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मतदाताओं से भारतीय जनता पार्टी समर्थित प्रत्याशियों को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जिस तरह राज्य सरकार मोदी की गारंटी के सभी वादों को पूरा कर रही है, उसी तरह ग्रामीण विकास की योजनाओं को और तेज गति से लागू किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जरूरतमंदों को पक्के मकान दिए गए हैं। किसानों को 3,100 रुपये प्रति क्विंटल धान का मूल्य और 12,000 करोड़ रुपये की अंतर राशि जारी की गई है। महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख महिलाओं को 12 किस्तों में आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। भूमिहीन कृषि मजदूरों को हर साल 10,000 रुपये की आर्थिक मदद दी जा रही है। जल जीवन मिशन के तहत गांव-गांव में स्वच्छ पेयजल पहुंचाने का कार्य जारी है।

साय ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों, महिलाओं, गरीबों, आदिवासियों और जरूरतमंदों के हित में लगातार काम कर रही है और आगे भी करती रहेगी। उन्होंने मतदाताओं से अधिक से अधिक संख्या में मतदान कर भाजपा समर्थित प्रत्याशियों को विजयी बनाने की अपील की।

गौरतलब है कि त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव के पहले चरण का मतदान कल संपन्न होगा और परिणाम 18 फरवरी को घोषित किए जाएंगे।

Post a Comment

Previous Post Next Post