छत्तीसगढ़ में ईडी के खिलाफ कांग्रेस का प्रदेशव्यापी प्रदर्शन, केंद्र सरकार पर दुरुपयोग का आरोप

 बेमेतरा में कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, ईडी और केंद्र सरकार का फूंका पुतला

छत्तीसगढ़ में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई के खिलाफ कांग्रेस ने राज्यभर में जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सभी जिला मुख्यालयों में ईडी और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया।

बेमेतरा में जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को ईडी और केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस के नेताओं को बिना किसी ठोस आधार के बार-बार समन भेजा जा रहा है और घंटों तक ईडी कार्यालय में बैठाया जा रहा है। उन्होंने इसे लोकतंत्र पर हमला करार देते हुए कहा कि केंद्र सरकार राजनीतिक विरोधियों को दबाने के लिए जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है।

उन्होंने कहा कि ईडी को निष्पक्ष जांच एजेंसी होना चाहिए, लेकिन वर्तमान में यह भाजपा के इशारे पर काम कर रही है। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को झूठे मामलों में फंसाकर परेशान किया जा रहा है। बिना किसी ठोस आधार के नोटिस भेजे जा रहे हैं, गिरफ्तारियां हो रही हैं और जांच के नाम पर मानसिक उत्पीड़न किया जा रहा है।

धमतरी में कांग्रेस का प्रदर्शन, भाजपा ने बताया 'दिखावा'

धमतरी में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गांधी मैदान के पास केंद्र सरकार और ईडी के खिलाफ प्रदर्शन किया और पुतला दहन किया। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए केंद्र सरकार पर विपक्षी दलों को कमजोर करने का आरोप लगाया।

इस प्रदर्शन को लेकर प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण, राजस्व और आपदा प्रबंधन मंत्री टंकराम वर्मा ने कांग्रेस के आंदोलन को 'दिखावा' करार दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के साथ जनता नहीं है और यह प्रदर्शन केवल राजनीतिक स्टंट है।

कोंडागांव में ईडी के खिलाफ कांग्रेस का हल्लाबोल, निष्पक्ष जांच की मांग

कोंडागांव में जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने ईडी और केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय से रैली निकालकर बस स्टैंड तक मार्च किया और "ईडी मुर्दाबाद", "केंद्र सरकार होश में आओ" जैसे नारे लगाए।

जिलाध्यक्ष झूमूकलाल दीवान ने कहा कि ईडी निष्पक्ष जांच एजेंसी न होकर भाजपा का राजनीतिक हथियार बन चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल कांग्रेस नेताओं को परेशान करने के लिए किया जा रहा है, जो लोकतंत्र के लिए घातक है।

बीजापुर में भी कांग्रेस का प्रदर्शन, ईडी को बताया 'भाजपा का अनुसांगिक संगठन'

बीजापुर में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय में ईडी और केंद्र सरकार का पुतला जलाया। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष लालू राठौर ने कहा कि ईडी की कार्रवाई केवल कांग्रेस नेताओं को प्रताड़ित करने के उद्देश्य से की जा रही है। उन्होंने इसे भाजपा द्वारा केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का उदाहरण बताया।

उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने पहले ही ईडी को सभी आवश्यक जानकारी उपलब्ध करा दी है, बावजूद इसके कांग्रेस नेताओं को बार-बार बुलाकर घंटों तक बैठाया जा रहा है। आगामी 3 मार्च को फिर से समन भेजकर पूछताछ के लिए बुलाया गया है, जो एक सोची-समझी रणनीति का हिस्सा है।

कांग्रेस ने केंद्र पर लगाए गंभीर आरोप

प्रदेश कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि ईडी और सीबीआई जैसी एजेंसियां केवल विपक्षी दलों के नेताओं को परेशान कर रही हैं। भाजपा अपने राजनीतिक विरोधियों को डराने और उनकी आवाज को दबाने के लिए जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है।

कांग्रेस ने इस मुद्दे को लेकर राज्यभर में विरोध प्रदर्शन जारी रखने की चेतावनी दी है और निष्पक्ष जांच की मांग की है। पार्टी ने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए वे हरसंभव कदम उठाएंगे और केंद्र सरकार की तानाशाही नीतियों का विरोध करेंगे।

Post a Comment

Previous Post Next Post