
रायगढ़ : मन्नत ब्लड बैंक सेंटर के माध्यम से जरूरतमंदों को नि:शुल्क रक्त उपलब्ध कराने का कार्य जारी
युवा नेता एवं समाजसेवी दीपेंद्र यादव (दीपू), आर्या सिंग उरेती, कुलदीप शुक्ला एवं उनकी टीम द्वारा मन्नत ब्लड बैंक सेंटर के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों को समय पर नि:शुल्क रक्त उपलब्ध कराया जा रहा है। टीम द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर विशेष ग्रुप बनाकर आपात स्थिति में रक्त की आवश्यकता पड़ते ही परिजनों से संपर्क कर तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाती है।
रक्तदान को लेकर जागरूकता अभियान, भ्रांतियों को दूर करने का प्रयास
दीपेंद्र यादव (दीपू) और आर्या सिंग उरेती ने कहा कि उनका मुख्य लक्ष्य लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करना और अधिक से अधिक रक्तदान को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि समाज में कई प्रकार की भ्रांतियां फैली हुई हैं, जिसके कारण लोग रक्तदान से परहेज करते हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि रक्तदान से किसी प्रकार की कमजोरी या दुष्प्रभाव नहीं होता, बल्कि इससे शरीर में नया रक्त बनने की प्रक्रिया तेज होती है और स्वास्थ्य भी बेहतर रहता है।
सोशल मीडिया और शिविरों के माध्यम से चलाया जा रहा अभियान
आर्या सिंग उरेती और उनकी टीम द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफार्म एवं विभिन्न रक्तदान शिविरों के माध्यम से लगातार जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। टीम का उद्देश्य है कि अधिक से अधिक लोग रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों की जान बचाने में योगदान दें।
सक्रिय टीम द्वारा आपातकालीन सहायता व्यवस्था
इस अभियान में आर्या सिंग उरेती, दीपेंद्र यादव (दीपू), कुलदीप शुक्ला, संदीप सिंघाई, विनोद पांडवार, मोनू विराट सहित कई समाजसेवी सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं। टीम “आपकी सेवा हमारी सुरक्षा” के संकल्प के साथ लगातार कार्य कर रही है।
रक्तदान को बताया गया महादान
संयोजक संदीप सिंघाई ने कहा कि समाज को मिलकर आगे आना चाहिए और कम से कम सात प्रतिशत लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करना चाहिए, ताकि किसी भी पीड़ित परिवार को समय पर रक्त मिल सके।
उन्होंने कहा कि रक्तदान केवल एक सेवा नहीं, बल्कि मानवता की सबसे बड़ी भक्ति है, जिससे अनगिनत जीवन बचाए जा सकते हैं।
Post a Comment