किसानों के सवालों और जनसमस्याओं को लेकर संघर्ष तेज होगा : कमेश सिंह चेरो

प्रेस विज्ञप्ति
किसानों के सवालों और जनसमस्याओं को लेकर संघर्ष तेज होगा : कमेश सिंह चेरो
पाकी, 14 सितंबर 2026। अखिल भारतीय किसान महासभा के आगामी 20–21 सितंबर 2026 को जालंधर, पंजाब में होने वाले राष्ट्रीय सम्मेलन को सफल बनाने के लिए आज पाकी शहर में व्यापक प्रचार-प्रसार एवं आर्थिक सहयोग अभियान चलाया गया। किसान महासभा के नेता-कार्यकर्ताओं ने घर-घर और हर दुकान पर जाकर सम्मेलन की जानकारी देते हुए लोगों से सहयोग की अपील की। इस दौरान इलाके के दुकानदारों एवं आम नागरिकों से सराहनीय आर्थिक सहयोग मिला।
अखिल भारतीय किसान महासभा के पलामू जिला सचिव कमेश सिंह चेरो ने कहा कि आज किसान महंगाई, सिंचाई के अभाव, फसल की उचित कीमत और कृषि संकट से परेशान हैं। गांवों में सड़क और नाली जैसी बुनियादी समस्याएं वर्षों से बनी हुई हैं। किसानों के खेत तक पानी पहुंचाने की ठोस व्यवस्था नहीं है। नहरों और सिंचाई योजनाओं की मरम्मत एवं विस्तार के बजाय जनप्रतिनिधियों की घोषणाएं ही सुनाई देती हैं।
उन्होंने स्थानीय विधायक पर कटाक्ष करते हुए कहा कि विधायक जी को जनता ने वोट देकर क्षेत्र की सड़क, नाली और सिंचाई की समस्या दूर करने की जिम्मेदारी दी है, लेकिन जनता आज भी वही पुराने सवाल लेकर खड़ी है—सड़क कब बनेगी, नाली कब बनेगी और खेतों तक पानी कब पहुंचेगा? चुनाव के समय किसानों और जनता के बीच पहुंचने वाले जनप्रतिनिधियों को अब गांवों की वास्तविक समस्याओं के बीच भी खड़ा होना चाहिए।
किसान महासभा नेताओं ने कहा कि किसानों की समस्याएं केवल भाषण और आश्वासन से दूर नहीं होंगी। नहरों और डैम की मरम्मत, खेतों तक सिंचाई की व्यवस्था, पक्की सड़क एवं नाली निर्माण, कृषि लागत कम करना और किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य दिलाना सरकार और जनप्रतिनिधियों की प्राथमिकता होनी चाहिए।
नेताओं ने कहा कि जालंधर राष्ट्रीय सम्मेलन में देशभर के किसानों की समस्याओं और उनके अधिकारों को लेकर आगे की संघर्ष की दिशा तय की जाएगी। इसलिए किसान, मजदूर और आम जनता अखिल भारतीय किसान महासभा से जुड़ें और सम्मेलन को सफल बनाने में अपना सहयोग दें।
इस अभियान में पलामू जिला सचिव कमेश सिंह चेरो, शिवनाथ महतो, राजकुमार सिंह, कमेश ठाकुर, शमीम अंसारी, प्रेम भुइयां, भोला विश्वकर्मा, प्रदीप भुइयां, अनिरुद्ध महतो सहित कई किसान नेता एवं कार्यकर्ता शामिल थे।
अखिल भारतीय किसान महासभा का आह्वान—किसानों के सवाल पर एकजुट हों, सदस्य बनें और संघर्ष को मजबूत करें।
 निवेदक
 कमेश सिंह चेरो 
9905745537

Post a Comment

Previous Post Next Post