भोपाल। शहर के छोला मंदिर थाना क्षेत्र में एक 11वीं कक्षा के छात्र की ट्रेन से कटकर दर्दनाक मौत हो गई। मृतक छात्र की पहचान मृत्युंजय शर्मा (16) के रूप में हुई, जो भानपुर मल्टी इलाके में अपने परिवार के साथ रहता था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह घटना ऑनलाइन गेम “फ्री फायर” की लत का नतीजा हो सकती है।
परिजनों का दावा: गेमिंग टास्क के कारण हुई मौत
परिजनों का कहना है कि मृत्युंजय किसी गेमिंग टास्क को पूरा करने की कोशिश कर रहा था, जिसके चलते वह ट्रेन की चपेट में आ गया। छात्र के मोबाइल फोन को पुलिस ने जब्त कर लिया है और उसकी फॉरेंसिक जांच की जा रही है।
पढ़ाई में अच्छा, लेकिन मोबाइल गेम्स में था व्यस्त
मृत्युंजय एक प्राइवेट स्कूल में 11वीं का छात्र था और पढ़ाई में भी अच्छा था। उसने 10वीं कक्षा फर्स्ट डिवीजन में पास की थी। परिजनों के अनुसार, हाल के महीनों में उसका ध्यान पढ़ाई से हटकर मोबाइल गेम्स पर अधिक लगने लगा था। परिवार ने कई बार उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह इकलौता बेटा होने के कारण उसे सख्ती से नहीं टोकते थे।
पुलिस की जांच जारी
छोला मंदिर थाना प्रभारी सुरेश चंद्र नागर ने बताया कि घटना शुक्रवार रात की है। मोबाइल फोन की फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे पता लगाया जा सके कि घटना का ऑनलाइन गेमिंग से क्या संबंध है।
परिवार में शोक का माहौल
मृत्युंजय की अचानक मौत से परिवार सदमे में है। परिजनों का कहना है कि उसने कभी अपनी किसी परेशानी का जिक्र नहीं किया था। इस घटना ने एक बार फिर ऑनलाइन गेमिंग की लत के खतरों को उजागर किया है।

Post a Comment