छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव की तैयारियां पूरी, अंतिम मतदाता सूची आज होगी जारी

 



छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन आज किया जाएगा। इसके बाद चुनाव की तिथियों की घोषणा की संभावना बढ़ गई है। प्रशासनिक हलकों में चर्चा है कि सोमवार से आचार संहिता लागू हो सकती है।

सूत्रों के अनुसार, पहले नगरीय निकायों के चुनाव कराए जाएंगे और उसके बाद पंचायत चुनाव होंगे। सभी नगरीय निकायों का कार्यकाल समाप्त हो चुका है, और प्रशासक नियुक्त किए जा चुके हैं। राज्य निर्वाचन आयोग ने पहले जारी कार्यक्रम में बदलाव करते हुए निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 15 जनवरी के बजाय 18 जनवरी को करने का निर्णय लिया था।

मतदान की तिथि जल्द होगी घोषित

छत्तीसगढ़ में 18 जनवरी के बाद किसी भी समय नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव की मतदान तिथियों की घोषणा की जा सकती है। राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव की तैयारियां पूरी कर ली हैं। दोनों चुनावों की घोषणा एक साथ की जाएगी, लेकिन मतदान अलग-अलग चरणों में संपन्न होंगे। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव पारंपरिक रूप से मतपत्र के माध्यम से ही कराए जाएंगे।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का महासमुंद और सक्ती दौरा

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज महासमुंद और सक्ती जिलों के दौरे पर रहेंगे। वे महासमुंद में महाप्रभु वल्लभाचार्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय, मचेवा में आयोजित स्वामित्व कार्ड वितरण कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

मुख्यमंत्री साय रायपुर के पुलिस ग्राउंड हेलीपैड से सुबह 11:35 बजे हेलीकॉप्टर से महासमुंद के लिए रवाना होंगे और 11:55 बजे वहां पहुंचेंगे। महासमुंद कार्यक्रम के बाद वे सक्ती जिले के प्रवास पर रहेंगे, जहां कलेक्ट्रेट कार्यालय परिसर जेठा के सामने मैदान में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे।

इस दौरान मुख्यमंत्री साय विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल होंगे। सक्ती जिले को वे 168.25 करोड़ रुपये की लागत से 173 विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इसके अलावा, हितग्राही सम्मान समारोह में भी मुख्यमंत्री की उपस्थिति रहेगी।

राज्य में आगामी चुनावों और मुख्यमंत्री के दौरों को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। सभी दल चुनावी रणनीतियों को अंतिम रूप देने में जुट गए हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post