कोरबा: कोरबा जिले के रजगामार चौकी क्षेत्र अंतर्गत डेंगूरडीह गांव में सड़क किनारे एक व्यक्ति का लहूलुहान शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 45 वर्षीय रामकुमार रतिया के रूप में हुई है, जो डेंगूरडीह गांव का निवासी था। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और जांच शुरू कर दी है।
मृतक के शरीर पर मिले चोट के निशान, हत्या की आशंका
शुक्रवार शाम रामकुमार घर के पास सड़क किनारे स्थित होटल के आसपास घूम रहा था। कुछ देर बाद ही उसका रक्तरंजित शव बस स्टैंड के पास पड़ा मिला। मृतक के शरीर पर कई चोटों के निशान हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई और कोटवार को इसकी सूचना दी गई।
पारिवारिक विवाद की भी हो रही जांच
पुलिस पूछताछ में पता चला कि रामकुमार मजदूरी करता था और उसकी शादी को 22 साल हो चुके थे। कुछ समय पहले उसकी पत्नी अंगूरी बाई किसी अन्य व्यक्ति के साथ भागकर शादी कर चुकी थी, जिसके बाद रामकुमार अपने बेटे के साथ रह रहा था। पुलिस इस मामले में पारिवारिक विवाद समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड ने जुटाए सुराग
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फोरेंसिक एक्सपर्ट और डॉग स्क्वाड को मौके पर बुलाया है। कोरबा सीएसपी भूषण एक्का ने बताया कि पुलिस ने जांच तेज कर दी है और मृतक के परिजनों व स्थानीय लोगों से पूछताछ जारी है। जल्द ही इस हत्याकांड से जुड़े आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Post a Comment