पत्रकार मुकेश चंद्राकर की हत्या पर CM साय ने जताया शोक, कहा— 'अपराधी बख्शे नहीं जाएंगे'

 


बीजापुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बीजापुर के युवा पत्रकार मुकेश चंद्राकर की नृशंस हत्या पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए अपराधियों को जल्द गिरफ्तार करने और कड़ी सजा दिलाने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री साय ने कहा, "मुकेश चंद्राकर की हत्या अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। यह पत्रकारिता जगत और समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। अपराधी किसी भी हालत में बख्शे नहीं जाएंगे। हमने पुलिस को त्वरित जांच के आदेश दिए हैं, ताकि दोषियों को जल्द से जल्द कानून के कठघरे में खड़ा किया जा सके।"

सेप्टिक टैंक से मिला शव, इलाके में आक्रोश

भ्रष्टाचार के मामलों को उजागर करने वाले पत्रकार मुकेश चंद्राकर 1 जनवरी से लापता थे। उनके बड़े भाई युकेश चंद्राकर ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उनकी तलाश शुरू की और आज उनका शव चट्टानपारा बस्ती में ठेकेदार सुरेश चंद्राकर के परिसर में बने सेप्टिक टैंक से बरामद किया गया। पुलिस ने टैंक से पानी निकालकर शव को बाहर निकाला।

घटनास्थल पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। मामले की जांच जारी है और जल्द ही गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है। हत्या के विरोध में बीजापुर शहर में बंद की चर्चा भी जोरों पर है।

मुख्यमंत्री साय ने दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना करते हुए कहा कि शोक संतप्त परिवार को इस कठिन घड़ी में संबल मिले। उन्होंने भरोसा दिलाया कि न्याय की प्रक्रिया में कोई ढील नहीं दी जाएगी और दोषियों को कठोर दंड दिलाने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Post a Comment

Previous Post Next Post