केसीजी जिले में आरक्षक भर्ती प्रक्रिया शुरू, पहले दिन 500 में से 89 अभ्यर्थियों ने लिया हिस्सा

 

छुईखदान। खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (केसीजी) जिले में आरक्षक संवर्ग चयन भर्ती प्रक्रिया 2023-24 का शुभारंभ हो गया है। यह भर्ती प्रक्रिया राजनांदगांव रेंज के तहत संचालित की जा रही है।

दस्तावेज जांच और नाप-जोख की प्रक्रिया जारी
भर्ती प्रक्रिया के पहले दिन 500 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था, जिनमें से 89 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। दस्तावेजों की जांच के बाद शारीरिक नाप-जोख की प्रक्रिया पूरी की गई। यह प्रक्रिया 5 अप्रैल 2025 तक चलेगी।

भर्ती स्थल और दिशा-निर्देश
पुलिस मुख्यालय के आदेशानुसार, राजनांदगांव रेंज के पुलिस महानिरीक्षक दीपक झा के निर्देशन में यह भर्ती प्रक्रिया संचालित की जा रही है। चयन समिति के अध्यक्ष त्रिलोक बंसल के मार्गदर्शन में यह भर्ती केकती बाड़ी मैदान, आत्मानंद स्कूल के सामने, छुईखदान में 26 फरवरी 2025 से प्रारंभ हुई। अभ्यर्थियों को प्रतिदिन सुबह 6:00 बजे भर्ती स्थल पर पहुंचने का निर्देश दिया गया है।

प्रवेश पत्र और परीक्षा तिथि
अभ्यर्थी अपना प्रवेश पत्र पुलिस विभाग की आधिकारिक वेबसाइट cgpolice.gov.in से डाउनलोड कर सकते हैं। उन्हें परीक्षा के निर्धारित दिन आवश्यक दस्तावेजों के साथ आधा घंटा पूर्व भर्ती स्थल पर उपस्थित रहना होगा।

आईजी दीपक झा ने किया निरीक्षण, निष्पक्षता और पारदर्शिता के निर्देश
राजनांदगांव रेंज के पुलिस महानिरीक्षक दीपक झा (भा.पु.से.) ने भर्ती स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस अधीक्षक, केसीजी और भर्ती समिति के अध्यक्ष को निर्देश दिया कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी होनी चाहिए तथा सभी नियमों का कड़ाई से पालन किया जाए।

असमाजिक तत्वों से सावधान रहने की अपील
आईजी दीपक झा ने अभ्यर्थियों से किसी भी प्रकार के प्रलोभन या दलालों के झांसे में न आने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि भर्ती पूरी तरह योग्यता और दक्षता के आधार पर होगी। यदि कोई व्यक्ति भर्ती में पैसे लेकर सिफारिश करने का दावा करता है, तो यह गंभीर अपराध है। ऐसे मामलों की सूचना तुरंत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को मोबाइल नंबर 9479247401 या 07820299103 पर दें।

भर्ती प्रक्रिया 5 अप्रैल तक चलेगी

भर्ती प्रक्रिया का आयोजन तय कार्यक्रम के अनुसार 5 अप्रैल 2025 तक जारी रहेगा। अभ्यर्थियों से अपेक्षा है कि वे समय पर उपस्थित होकर प्रक्रिया में भाग लें और किसी भी अफवाह या फर्जी वादों से बचें।

Post a Comment

Previous Post Next Post